20 करोड़ रुपये में बिकी Ferrari की यह कार, ऑनलाइन ऑक्शन में तोड़ दिए सारे रिकॉर्ड

वर्ष 2003 में बनी एक Ferrari Enzo (फरारी एनजो) कार ने हाल ही में आरएम सोथबी द्वारा आयोजित सुपरकार की ऑनलाइन-नीलामी में सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। इस डिजिटल इवेंट में इस कार के लिए 2.64 मिलियन डॉलर (लगभग 20 करोड़ रुपये) की बोली लगाई गई। 

एक समय में Enzo फरारी की फ्लैगशिप मॉडल थी। यह कार आज भी दुनिया भर में कार प्रेमियों को आकर्षित करती है। इस सुपरकार की सिर्फ 400 यूनिट्स तैयार की गई थी और कंपनी ने इस मॉडल की आखिरी यूनिट पोप जॉन पॉल II को उपहार के रूप में दिया था। इस मशहूर कार ने एक ऊंचा मुकाम हासिल किया और आज भी इसकी धाक है। आरएम सोथबी ने वर्ष 2015 में उस विशेष 400वीं यूनिट की 6.05 मिलियन डॉलर (लगभग 45 करोड़ 83 लाख रुपये) में नीलामी की थी। एक डेडिकेटेड ऑनलाइन कलेक्टर कार नीलामी में इस कार की एक अन्य यूनिट ने अब तक की सबसे कीमती कार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक चर्चा में आई यह सुपरकार सिर्फ 1,250 मील चली हुई है। इस कार में डुअल-टोन रेसिंग सीट दिए गए हैं। इसकी यह बात इसे अपने जैसी दूसरी कारों की तुलना में दुर्लभ बना देती है। नीलामी में कार की वास्तविक कीमत लगभग 652,000 डॉलर (लगभग 4 करोड़ 93 लाख रुपये) से चार गुना ज्यादा बोली लगाई गई। नीलामी में सबसे ज्यादा बोली लगाकर कार के विजेता, पहियों पर चलने वाली इस कीमती मशीन के तीसरे मालिक बन गए हैं।